ताजा खबरpoliticalअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यराजनीतिसमाचार

बम्हनीडीह को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, हसदेव नदी पर पुल सहित तीन अहम विकास कार्यों की घोषणा

रायपुर, 2 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह के विकास की नई शुरुआत करते हुए क्षेत्र को तीन महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है।

मुख्यमंत्री श्री साय बम्हनीडीह नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और नगर पंचायतें नागरिकों की अपेक्षाओं को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका परिणाम पारदर्शी प्रशासन, संवेदनशील कार्यशैली और विकास के रूप में दिखाई देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास को नई गति देते हुए हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के घर, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य, महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक संबल तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे।

उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरीय क्षेत्रों को मजबूत आधारभूत सुविधाएं और बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध हों। राज्य सरकार सभी नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

समारोह को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े और विधायक श्री किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, श्री नारायण चंदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समाज में कुछ बेहतर और उससे ज्यादा नवाचार की खबरे। व्यवसाय खबर डॉट कॉम का लक्ष्य नकारात्मक के बजाय सकारात्मक खबरों से समाज के हर वर्ग जागरूक किया जाय । पुरी कोशिश की सही और निष्पक्ष-मंथन के बाद खबरे वेबसाइट पर प्रकाशित हो।। पत्रकारिता से गहरा लगाव, सोच यही…

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.