रमेश नाग लंबे समय से सीमेंट ब्रिक्स निर्माण का व्यवसाय शुरू करना चाहते थे
रायपुर, 2 जुलाई 2026। कभी पूंजी की कमी के कारण अपने सपनों को साकार करने में असमर्थ रहे बीजापुर जिले के रमेश नाग आज एक सफल उद्यमी के रूप में पहचान बना चुके हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) की सहायता से उन्होंने सीमेंट ब्रिक्स निर्माण इकाई स्थापित की और न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि क्षेत्र के कई लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए।
रमेश नाग लंबे समय से सीमेंट ब्रिक्स निर्माण का व्यवसाय शुरू करना चाहते थे। निर्माण कार्यों की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्हें इस क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं नजर आती थीं, लेकिन सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उनका सपना अधूरा था। इसी दौरान उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर से संपर्क किया, जहां उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन मिला।
10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ
योजना के अंतर्गत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बीजापुर के माध्यम से उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। साथ ही लगभग 3.50 लाख रुपये की मार्जिन मनी (अनुदान) भी प्राप्त हुई। इस वित्तीय सहायता ने उनके सपनों को नई दिशा दी। उन्होंने आधुनिक मशीनों से सुसज्जित सीमेंट ब्रिक्स निर्माण इकाई स्थापित की और उत्पादन शुरू किया।
गुणवत्तापूर्ण सीमेंट ब्रिक्स का निर्माण हो रहा
आज उनकी इकाई में गुणवत्तापूर्ण सीमेंट ब्रिक्स का निर्माण हो रहा है, जिसकी मांग स्थानीय निर्माण कार्यों में लगातार बढ़ रही है। व्यवसाय के विस्तार के साथ उन्होंने आसपास के लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई है, बल्कि क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
रमेश नाग कहते हैं कि यदि उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लाभ नहीं मिलता, तो अपना उद्योग शुरू करना उनके लिए संभव नहीं था। आज वे आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं और सम्मानजनक आय अर्जित कर अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए संचालित योजनाएं सकारात्मक परिणाम दे रही हैं। रमेश नाग की कहानी इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, सरकारी सहयोग और दृढ़ संकल्प के साथ सीमित संसाधनों वाला व्यक्ति भी सफलता की नई इबारत लिख सकता है।
आज रमेश नाग की सफलता बीजापुर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। उनका संदेश स्पष्ट है—यदि अवसर का सही समय पर लाभ उठाया जाए और मेहनत के साथ आगे बढ़ा जाए, तो आत्मनिर्भर बनने का सपना अवश्य साकार होता है।






