राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री ने गायत्री नगर जगन्नाथ मंदिर में निभाई छेरा-पहरा की परंपरा
रायपुर, 16 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। दोनों ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पारंपरिक छेरा-पहरा रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथ मार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। इसके बाद भगवान की प्रतिमाओं को रथ पर विराजित कर रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति, लोकपरंपरा, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का महापर्व है। यह आयोजन सेवा, समर्पण, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ किसानों के आराध्य हैं और उनकी कृपा से प्रदेश में अच्छी वर्षा, बेहतर कृषि उत्पादन और किसानों के जीवन में समृद्धि आए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुशहाली और निरंतर विकास की प्रार्थना की।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। रायपुर की यह रथयात्रा छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सांस्कृतिक परंपराओं के मजबूत संबंध का प्रतीक बनी।







