31 दिसंबर तक पुराने जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के निर्देश, मेडिकल स्टोरों की भी होगी नियमित जांच
रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहे, बल्कि मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन, सप्लाई और बिक्री से जुड़े बड़े तस्करों तथा वित्तीय सहयोगियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।

मेडिकल स्टोरों की होगी निगरानीश्री शर्मा ने सूखे नशे और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ड्रग इंस्पेक्टरों के समन्वय से मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करने को कहा। स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
31 दिसंबर तक पुराने मादक पदार्थों का नष्टीकरणबैठक में निर्देश दिए गए कि विधिक प्रक्रिया पूरी कर चुके 30 जून 2026 तक जब्त और छह माह से अधिक पुराने मादक पदार्थों का 31 दिसंबर 2026 तक नष्टीकरण सुनिश्चित किया जाए। एनडीपीएस मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच, प्रभावी अभियोजन और शीघ्र न्यायालयीन कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध हेल्पलाइन 1933 का प्रचार-प्रसार कर नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की। बैठक में गृह विभाग एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








