महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति किया जागरूक, समय पर जांच और प्रारंभिक पहचान का दिया संदेश
रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग एवं संजीवनी कैंसर हॉस्पिटल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए निःशुल्क मैमोग्राफी जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर बीमारी की पहचान के लिए महिलाओं को प्रेरित करना था।
कैट महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोरा ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की खुशहाली का आधार है। जानकारी के अभाव और संकोच के कारण महिलाएं समय पर जांच नहीं करातीं। ऐसे शिविर उन्हें जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संजीवनी कैंसर हॉस्पिटल की ऑन्कोलॉजिस्ट सर्जन डॉ. दिव्या खटोड एवं रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पवनी ने नियमित स्वास्थ्य जांच और प्रारंभिक पहचान के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर में हॉस्पिटल संचालक डॉ. यूसुफ मेमन सहित चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. अंशुली कलश, डिंपल खट्टर, शालू, रणजीत सहित कैट के सदस्य उपस्थित रहे। मधु अरोरा ने सहयोग के लिए चिकित्सकीय टीम का आभार जताया।








