अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलासमाचारसमाज

छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कहा- छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता आत्मीयता और विश्वास का

रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना से व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी नई गति

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का संबंध केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और विश्वास का भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकजुटता और प्रदेश के विकास में उसकी भागीदारी की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में समाज की सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की यात्रा को सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि तेलुगु समाज के लोगों ने व्यापार और शिक्षा के साथ औद्योगिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

मुख्यमंत्री ने रायपुर से विशाखापत्तनम तक भारतमाला परियोजना के अंतर्गत विकसित हो रहे सड़क मार्ग को दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण बताया। इससे आवागमन सुगम होने के साथ यात्रा समय और दूरी में कमी आएगी। साथ ही माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह और श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *