अपडेटएजुकेशनजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचार

कॉलेज एडमिशन की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ी

रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अभी भी सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी अब निर्धारित अवधि में दाखिला ले सकेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले सके। ऐसे में केवल तिथियों के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब न हो, इसी उद्देश्य से प्रवेश की तारीख बढ़ाई गई है।
उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है। अब जिन कॉलेजों में सीटें खाली हैं, वहां विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे। इस फैसले से उन विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश नहीं ले पाए थे।


पहले 31 जुलाई और 14 अगस्त थी अंतिम समय-सीमा
इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश दिया जा सकता था। लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गईं। वहीं, दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थी भी समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। इसी स्थिति को देखते हुए शासन ने अब प्रवेश की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है।
विद्यार्थियों से मंत्री की अपील
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों से इस अतिरिक्त अवसर का पूरा लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए काम कर रही है। सरकार नहीं चाहती कि प्रवेश की तारीख निकल जाने के कारण कोई योग्य विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए या उसका एक साल खराब हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *