रायपुर। छत्तीसगढ़ में किराएदार रखने वाले मकान मालिकों और घरेलू कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले परिवारों के लिए पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया अब आसान हो गई है। अब इसके लिए थाने के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से घर बैठे ही किराएदार, घरेलू सहायक, चालक, देखभालकर्ता और अन्य कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया जा सकेगा।
नई व्यवस्था के तहत मकान मालिक या संबंधित व्यक्ति मोबाइल के जरिए आवश्यक जानकारी दर्ज कर दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। आवेदन मिलने के बाद पुलिस उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान और पृष्ठभूमि का सत्यापन करेगी।
अपराध की रोकथाम में भी मिलेगी मदद
पुलिस सत्यापन को परिवार और संपत्ति की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई बार किराएदार या घरेलू कर्मचारी की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होने से किसी अपराध की जांच में परेशानी सामने आती है। ऐसे में सत्यापन के जरिए व्यक्ति की पहचान और पुलिस रिकॉर्ड की जानकारी की जांच करने में मदद मिलेगी।
क्या बदलाव हुआ?
पहले किराएदार या घरेलू कर्मचारी का पुलिस सत्यापन कराने के लिए मकान मालिक अथवा परिवार को संबंधित थाने जाना पड़ता था। अब ‘समाधान ऐप’ के जरिए घर बैठे ऑनलाइन सत्यापन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे थाने जाने और इंतजार करने की परेशानी कम होगी।

अब क्या करना होगा?
- सबसे पहले ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से सत्यापन के लिए आवेदन करना होगा।
- किराएदार या कर्मचारी का नाम, पता और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।
- मांगे गए पहचान संबंधी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
- आवेदन जमा होने के बाद पुलिस उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर जानकारी का सत्यापन करेगी।
- सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज रहेगी।
किन लोगों का सत्यापन कराया जा सकता है?
मकान मालिक अपने किराएदार, जबकि परिवार अपने घरेलू सहायक, बावर्ची, चालक, देखभालकर्ता और अन्य कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करा सकते हैं।
क्यों जरूरी है सत्यापन?
किराएदार या कर्मचारी की पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड से मिलाने में सत्यापन मददगार होता है। इससे किसी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में सहायता मिल सकती है। इसलिए पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को घर में रखने या काम पर रखने से पहले उसका सत्यापन जरूर कराएं।
पुलिस की अपील
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शहरवासियों से अपील की है कि घर में किराएदार रखने या घरेलू कर्मचारी, चालक, देखभालकर्ता अथवा अन्य कर्मचारी नियुक्त करने से पहले उनका पुलिस सत्यापन जरूर कराएं। पुलिस के अनुसार यह महज औपचारिकता नहीं, बल्कि परिवार, घर और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है।








