छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक ड्रॉ, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने हासिल किया पहला अंक

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला 5-5 से ड्रॉ रहा। बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह ने अकेले पांच गोल दागे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मुकाबले को बराबरी पर समाप्त कर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने टूर्नामेंट में अपना पहला अंक हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए जसकरण सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शुरुआत में दमदार खेल दिखाया। आर्यन खेस और आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में जसकरण सिंह ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक का फायदा उठाया तथा अपनी टीम की वापसी कराई।

मुकाबले के अंतिम पांच मिनट में स्कोर 4-4 था। जसकरण ने टॉमहॉक शॉट से अपना पांचवां गोल कर बैलाडीला बुल्स को 5-4 की बढ़त दिलाई। हालांकि, मैच खत्म होने से दो मिनट पहले संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-5 कर दिया।
ड्रॉ के बाद बैलाडीला बुल्स दो अंकों के साथ अंकतालिका में चौथे और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स एक अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। दोनों टीमों को अब भी पहली जीत का इंतजार है। मुकाबला देखने विधायक धरमलाल कौशिक, सारडा के हेड ऑफ ऑपरेशंस मनोज शाह और छत्तीसगढ़ जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी भी मौजूद रहे।








