भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि कारगिल विजय भारत की सैन्य शक्ति, धैर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है
रायपुर। भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा रायपुर द्वारा शनिवार को सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहीद परिवारों तथा कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया।

भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य संयोजक परिषद के वरिष्ठ सदस्य एवं सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में सेवाएं दे रहे सतीश मिश्रा थे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वर्णिका शर्मा रहीं।


कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, स्वामी विवेकानंद एवं सत्य साईं बाबा के चित्रों पर माल्यार्पण और वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि वर्णिका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल भाव नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। उन्होंने कारगिल के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि कारगिल विजय भारत की सैन्य शक्ति, धैर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।


कार्यक्रम के दौरान सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में सफल हृदय शल्य चिकित्सा के बाद स्वस्थ हुए तीन बच्चों को भी अस्पताल से विदाई दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, डॉ. राकेश मिश्रा एवं सतीश मिश्रा ने बच्चों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। बच्चों को स्वस्थ अवस्था में घर लौटते देख उपस्थित लोगों ने अस्पताल की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन विनीत शर्मा ने किया। इस अवसर पर शशांक शुक्ला, प्रताप देवांगन, कमलेश, अशोक, मनीष तिवारी, आशीष दुबे, खासी साहू, सुरेश मिश्रा, सुनील डोंगर, मंजुला मिश्रा, कौशिक कट्टा, ललित गोलानी, सरिता शर्मा, अवतार सिंह, आकृति देवांगन, सरोज साहू सहित भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद सत्य साईं ट्रस्ट की ओर से सभी सैनिकों के सम्मान में दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।








