‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा राज्योत्सव, विकास योजनाओं की प्रदर्शनी

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल और रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसी तरह सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा, राजनांदगांव में गजेंद्र यादव और बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि होंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल और कबीरधाम में संतोष पांडेय सहित विभिन्न जिलों में सांसदों और विधायकों को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विकास योजनाओं की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाएंगे। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। शासन ने कार्यक्रमों में गरिमा और शालीनता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
1 से 3 नवंबर तक रोशन होंगे सरकारी भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। राज्य शासन ने कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों से समन्वय कर कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।









2 Comments